सदान विकास पार्टी ने पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ चौधरी के निधन पर जताया शोक

  • राज्य की गरिमा बढ़ाने में स्व.चौधरी का योगदान अविस्मरणीय : डॉ.आरपी साहु
    विशेष संवाददाता
    रांची। सदान विकास पार्टी ने झारखंड लोक सेवा आयोग एवं झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष रहे पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ चौधरी के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया है।
    सविपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.राजेंद्र प्रसाद साहू ने अपनी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय चौधरी तेजतर्रार पुलिस अधिकारी के अलावा एक कुशल प्रशासक के रूप में भी जाने जाते थे। झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन की गरिमा बढ़ाने और इसे ऊंचाइयों तक ले जाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्व.चौधरी की कार्यकुशलता, कर्मठता और ईमानदारी के कारण ही उन्हें झारखंड लोक सेवा आयोग का भी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। डॉ.साहु ने कहा कि उनके अकस्मात निधन की खबर सुनकर काफी मर्माहत हूं।
    वहीं, सदान विकास पार्टी के रांची जिला अध्यक्ष अमेरिका प्रसाद साहू ने कहा कि एक कर्तव्यनिष्ठ आईपीएस अधिकारी और कुशल प्रशासक के रूप में स्व.चौधरी का कार्यकाल अविस्मरणीय रहेगा। क्रिकेट के क्षेत्र में झारखंड का नाम देश-दुनिया में रोशन करने में खेलप्रेमी स्व.चौधरी का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने झारखंड राज्य को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की सौगात दी।
    सदान विकास पार्टी की ओर से स्व.चौधरी को श्रद्धांजलि दी गई। उनकी आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहने का संबल प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।