रानी कुमारी राजद के राष्ट्रीय परिषद की सदस्य मनोनीत

पश्चिमी सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र का मिला प्रभार


  • रांची। राजद की वरिष्ठ नेत्री (पूर्व जैक पार्षद) रानी कुमारी को राष्ट्रीय जनता दल की राष्ट्रीय परिषद में शामिल किया गया है। इससे संबंधित पत्र राजद के झारखंड प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव ने राजद के राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी उदय नारायण चौधरी को प्रेषित की है।
    रानी कुमारी को पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) लोकसभा क्षेत्र में संगठन को सशक्त बनाने, पार्टी का जनाधार बढ़ाने सहित आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजद के प्रति मतदाताओं की विश्वसनीयता बढ़ाने की दिशा में यथोचित कदम उठाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
    रानी कुमारी ने इसके लिए राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव सहित झारखंड प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव के प्रति आभार जताया है।
    पार्टी में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद रानी कुमारी ने कहा कि राजद को झारखंड में सशक्त बनाने और आगामी लोकसभा व विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में जनसमर्थन जुटाने के प्रति क्षेत्र में तत्परता से कार्यरत रहेंगी।
    गौरतलब है कि झारखंड के सभी 14 लोकसभा क्षेत्रों में राजद की राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों का मनोनयन किया गया है। नवमनोनीत सदस्यों को संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने हेतु निर्देशित किया गया है।
    सूची के मुताबिक राजमहल लोकसभा क्षेत्र से जोसेफ सोरेन, दुमका लोकसभा क्षेत्र से पूर्व मंत्री सुरेश पासवान, गोड्डा से पूर्व विधायक संजय प्रसाद यादव, चतरा से वर्तमान में राज्य सरकार के मंत्री सत्यानंद भोक्ता, कोडरमा से सुभाष यादव, गिरिडीह से अनिल यादव, धनबाद से विक्रम प्रसाद यादव, रांची से अभय कुमार सिंह, जमशेदपुर से मंजू शाह, पश्चिम सिंहभूम से रानी कुमारी, खूंटी से गिरिजानंदन सिंह चेरो, लोहरदगा से पूर्व मंत्री राधाकृष्ण किशोर, पलामू से पूर्व सांसद घूरन राम व हजारीबाग से डॉ.मुर्तजा को राजद की राष्ट्रीय परिषद का सदस्य मनोनीत किया गया है।